महासमुंद जिले में नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता मिली है। बलांगीर–बरगढ़–महासमुंद (BBM) कमेटी के करीब 15 सक्रिय माओवादियों ने देर रात महासमुंद के बलौदा थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। बलौदा थाना ओडिशा सीमा से लगे बॉर्डर एरिया में स्थित है। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 से 3 बजे के बीच सभी माओवादियों को थाने लाया गया, जहां उन्होंने हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया।
सूत्रों के अनुसार सरेंडर से पहले शनिवार को ये माओवादी पतेरापाली, कापू कुंडा और जामपाली के जंगलों में पहुंचे थे। वहीं उनकी मुलाकात उस प्रतिनिधि मंडल से हुई, जिसने आत्मसमर्पण प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाई। महासमुंद और ओडिशा पुलिस ने पहले ही पोस्टर जारी कर माओवादियों से सुरक्षित सरेंडर की अपील की थी, जिसका सकारात्मक असर देखने को मिला।
बीते दिनों डिप्टी सीएम सह गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी ऑडियो संदेश जारी कर BBM कमेटी के सदस्यों से हथियार छोड़ने की अपील की थी। उन्होंने सरेंडर करने वालों के पुनर्वास और सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने की बात कही थी। विजय शर्मा ने कहा है कि आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों का “रेड कार्पेट” बिछाकर स्वागत किया जाएगा और उन्हें शासन की पुनर्वास नीति का पूरा लाभ मिलेगा।
इस सरेंडर को जिले में नक्सल प्रभाव कम होने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नक्सली गतिविधियों के कारण प्रभावित विकास कार्यों को अब तेजी मिलने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों द्वारा आज इस संबंध में विस्तृत जानकारी देने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस किए जाने की संभावना है।


