बिलासपुर, शहर में फर्जी मैरिज ब्यूरो के नाम पर चल रहे ठगी के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपी कॉल सेंटर के जरिए शादी का झांसा देकर लोगों से पैसे वसूल रहे थे।
पुलिस ने सरकंडा और कोतवाली क्षेत्र में छापेमारी कर संचालक समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 10 कंप्यूटर, 70 मोबाइल और नगद राशि जब्त की गई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क करते थे और रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर रकम ऐंठते थे। पैसे मिलने के बाद वे संपर्क तोड़ देते थे।
पुलिस के अनुसार यह पूरा नेटवर्क संगठित तरीके से संचालित हो रहा था। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।


