रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की शुरुआत हो गई है। विभाग के अवर सचिव आरपी वर्मा द्वारा जारी आदेश के तहत राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा, रायपुर में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत प्रभारी उप संचालक डॉ. राजेश कुमार सिंह का तबादला कर दिया गया है। उनकी प्रतिनियुक्ति समाप्त करते हुए उन्हें प्रभारी उप संचालक के पद पर संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बिलासपुर कार्यालय में आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है।
डॉ. सिंह का मूल पद प्राचार्य का है और वे पेंशनबाड़ा स्थित राज्य परियोजना कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर कार्य कर रहे थे। राज्य सरकार ने हाल ही में स्थानांतरण नीति लागू करते हुए लंबे समय से प्रतिनियुक्ति पर काम कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके मूल विभागों में वापस भेजने के निर्देश दिए थे।
विभागीय सूत्रों के अनुसार इस आदेश के बाद शिक्षा विभाग में हलचल बढ़ गई है और आने वाले समय में डीईओ, बीईओ व अन्य कार्यालयों में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत कई अधिकारियों के भी तबादले या वापसी की संभावना जताई जा रही है।


