सूरजपुर: छत्तीसगढ़ में कृषि मंत्री रामविचार नेताम के काफिले से जुड़े एक एस्कॉर्ट वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान केनापारा निवासी विजय गुप्ता के रूप में हुई है, जिन्हें गंभीर अवस्था में अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, वाहन क्रमांक CG-16-CP-3805 स्कॉर्पियो मंत्री के काफिले में शामिल होने जा रहा था। आरोप है कि चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कूटी सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को दूसरे वाहन से अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि एस्कॉर्ट वाहन में पुलिस के जवान भी सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही जयनगर थाना प्रभारी रुपेश कुंतल एक्का दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।


