नारायणपुर। अबूझमाड़ के दुर्गम दिवालूर क्षेत्र में, जिसे कभी नक्सलियों का सुरक्षित गढ़ माना जाता था, सुरक्षाबलों और नारायणपुर पुलिस ने मंगलवार को नया सुरक्षा एवं जनसुविधा कैंप स्थापित किया। यह वही इलाका है जहां पहले कुख्यात माओवादी नेता बसवा राजू सहित कई बड़े नक्सली मारे गए थे, इसलिए इस कैंप को रणनीतिक रूप से बड़ी सफलता माना जा रहा है।
माड़ बचाओ अभियान के तहत थाना ओरछा क्षेत्र में खोले गए इस कैंप का उद्देश्य नक्सल विरोधी अभियानों को मजबूत करना और सड़क निर्माण व विकास कार्यों को सुरक्षा देना है। जिला मुख्यालय से करीब 96 किमी दूर स्थित यह कैंप अब आसपास के गांवों के लिए सुरक्षा का केंद्र बनेगा।
कैंप खुलने से रेकापारा, कुमनार सहित कई गांवों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और मोबाइल नेटवर्क जैसी सुविधाएं तेजी से पहुंचेंगी। पुलिस और सुरक्षाबलों के संयुक्त प्रयास से अबूझमाड़ को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है।


