मुंगेली (छत्तीसगढ़)। जिले के लालपुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह से लौट रहे परिवार के लिए उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब उनकी लग्जरी कार में अचानक आग लग गई। यह घटना बंधवापुल के पास हुई, जहाँ दूल्हा-दुल्हन समेत सात लोग सवार थे।
जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के खाती गांव से बारात मुंगेली के मोहतरा गांव आई थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद आज सुबह सभी लोग एक XUV 700 कार से वापस लौट रहे थे। रास्ते में ड्राइवर को गाड़ी के बोनट से धुआं निकलता दिखाई दिया। उसने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए वाहन रोक दिया।
कुछ ही पलों में आग तेजी से फैलने लगी और कार के अंदर धुआं भर गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार में सवार सभी लोग तुरंत बाहर निकल गए। दूल्हा-दुल्हन और अन्य परिजनों ने किसी तरह समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को बुलाया। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


