छत्तीसगढ़ में कुछ पेड़ों पर लगेगा प्रतिबंध, विधानसभा में मंत्री ओपी चौधरी का बड़ा ऐलान
छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 15वें दिन प्रश्नकाल के दौरान पेड़ों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। बीजेपी विधायक सुनील सोनी ने छातीम (Devil Tree) के पेड़ का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसके पराग कणों से अस्थमा और सांस से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि देश के लगभग 11 राज्यों में इस पेड़ पर पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है।
विधायक की चिंता पर जवाब देते हुए पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने बड़ा फैसला घोषित किया। उन्होंने कहा कि अब राज्य में कहीं भी छातीम के पेड़ नहीं लगाए जाएंगे, साथ ही पहले से लगे हुए पेड़ों को चरणबद्ध तरीके से हटाने पर भी सरकार विचार करेगी।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि कोनोकार्पस (Conocarpus) प्रजाति के पेड़ को लेकर भी सरकार पूरी तरह सतर्क है। कई शोध इन प्रजातियों को पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताते हैं, ऐसे में राज्य सरकार इस पर भी प्रतिबंध लगाने का निर्णय ले सकती है।
सरकार का दावा है कि पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है।


