दंतेवाड़ा। जिले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाघ और तेंदुए की खाल के साथ सक्रिय शिकार गिरोह का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर 6 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि छापेमारी में वन्यजीवों की खाल भी बरामद की गई है।
कार्रवाई 16-17 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर की गई। वनमंडल दंतेवाड़ा, बीजापुर, इंद्रावती टाइगर रिजर्व, राज्य स्तरीय उड़नदस्ता दल और वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो की संयुक्त टीम ने दंतेवाड़ा-बालूद मार्ग पर दो आरोपियों को बाघ की खाल के साथ पकड़ा। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी मिलने पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम केशापुर में छापेमारी कर तेंदुए की एक और खाल बरामद की गई। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
वन विभाग के अनुसार, जब्त बाघ और तेंदुआ अनुसूची-1 के संरक्षित वन्यजीव हैं। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


