कोरबा, 20 नवंबर 2025।
डीएवी पब्लिक स्कूल एसईसीएल कोरबा के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया है।
अखिल नटराजम अंतर-सांस्कृतिक संघ, जयपुर (राजस्थान) द्वारा आयोजित 19वीं अखिल भारतीय राष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रतियोगिता ‘नृत्यारंभ’ का आयोजन 25 अक्टूबर को किया गया था। इस प्रतियोगिता में भरतनाट्यम, कथक, ओड़िशी, कुचिपुड़ी, मोहिनीअट्टम, मणिपुरी, हिप-हॉप, बॉलीवुड आदि नृत्य शैलियाँ शामिल थीं।
कथक नृत्य जूनियर वर्ग में कक्षा तीसरी की रियांशी श्रीवास एवं कक्षा सातवीं की नेहल साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
इसी प्रकार, राष्ट्रीय नृत्य कला धाम द्वारा आयोजित ‘देश-राग’ तबला वादन प्रतियोगिता का आयोजन 4 से 12 अक्टूबर तक भिलाई (दुर्ग) में किया गया। इस प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में कक्षा छठवीं के अभिसार ठाकुर ने तबला वादन में प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विद्यार्थियों को पदक, प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. चेतना शर्मा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा,
“हमारे विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और गुरुजनों के मार्गदर्शन का परिणाम है। इस सफलता ने विद्यालय की गौरवगाथा को और ऊँचा किया है।”
विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय सफलता पर डीएवी कोरबा के स्थानीय प्रबंधन के अध्यक्ष, नामित अध्यक्ष, प्राचार्या डॉ. चेतना शर्मा तथा समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक सदस्यों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।


