रंगों के पर्व होली से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच X पर संदेश जारी करते हुए लिखा कि आप सभी को होली की ढेरों बधाई। यह पावन पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करे तथा देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ बनाए, यही उनकी कामना है।
पूरे देश में होली को लेकर उत्साह का माहौल है। बाजारों में रौनक बढ़ गई है और लोग रंग, गुलाल व मिठाइयों की खरीदारी में जुटे हैं। त्योहार के मद्देनजर विभिन्न राज्यों में प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
https://x.com/narendramodi/status/1900160184208531525?s=20
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 25 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। उनके सहयोग के लिए अर्धसैनिक बलों को भी लगाया गया है। शहर के 300 से अधिक संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
इसी तरह उत्तर प्रदेश में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। पुलिस और प्रशासन ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली को आपसी भाईचारे और सौहार्द्र के साथ मनाएं तथा अफवाहों से दूर रहें। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश साझा न करने की भी सलाह दी है, ताकि त्योहार का उल्लास और शांति कायम रहे।


