रायपुर। राजधानी के अभनपुर क्षेत्र में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। भरेंगाभाठा गांव के पास मुरूम खदान में दफन मिले नितेश बत्रा की हत्या लव ट्रायंगल के चलते की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 21 मार्च को सड़क किनारे गड्ढे में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या और जिंदा दफनाने की पुष्टि हुई। मृतक की पहचान माना निवासी नितेश बत्रा के रूप में हुई, जो कुछ दिनों से लापता था।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी और सावित्री साहू के बीच प्रेम संबंध थे, जबकि नितेश का भी पहले सावित्री से संबंध रहा था। इसी वजह से विवाद बढ़ता गया।
16 मार्च की रात सावित्री के घर पर नितेश और श्याम के बीच विवाद हुआ, जो हिंसा में बदल गया। आरोप है कि श्याम ने लकड़ी से हमला किया और अन्य साथियों के साथ मिलकर नितेश की पिटाई की गई।
हत्या के बाद शव को मुरूम खदान में दफना दिया गया। पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


