Raipur। Directorate of Public Instruction (DPI) ने प्रदेशभर में शिक्षकों और कर्मचारियों के सेवा अभिलेख (सर्विस रिकॉर्ड) को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान शुरू करने के निर्देश जारी किए हैं। इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश भेजकर अपूर्ण अभिलेखों को तय समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा गया है।

आदेश के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन को देखते हुए 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक सेवा अभिलेखों का संकलन और त्रुटि सुधार का कार्य अनिवार्य रूप से किया जाएगा। इसके बाद 16 से 30 अप्रैल के बीच विकासखंड स्तर पर चिन्हित उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य इन रिकॉर्ड का परीक्षण करेंगे।
मई 2026 में कार्य पूर्ण होने का प्रमाण पत्र संचालनालय को सौंपा जाएगा। सेवा अभिलेख में नियुक्ति, पदोन्नति, स्थानांतरण और अनुशासनात्मक कार्रवाई जैसी महत्वपूर्ण जानकारी दर्ज होती है, जो पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभों के लिए जरूरी है।
DPI ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी रिकॉर्ड पूरी तरह अपडेट व त्रुटिरहित सुनिश्चित किए जाएं।


