सूरजपुर। प्रतापपुर क्षेत्र के लिए 2 मार्च 2026 का दिन ऐतिहासिक रहा, जब ग्राम धोन्धा में बहुप्रतीक्षित कृषि महाविद्यालय भवन और छात्रावास का भूमिपूजन किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने मंत्रोच्चार के साथ 889.53 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कृषि महाविद्यालय भवन तथा 602.10 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले बालक एवं कन्या छात्रावास का शिलान्यास किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने की।
इस अवसर पर मंत्री नेताम ने कहा कि यह परियोजना केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्र के कृषि भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज उत्पादन, जैव प्रौद्योगिकी, उद्यानिकी और पशुपालन जैसे विषयों में उच्च शिक्षा उपलब्ध होगी। इससे स्थानीय युवाओं को बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा और किसानों को वैज्ञानिक मार्गदर्शन मिलेगा।
विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने इसे क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग की पूर्ति बताया और कहा कि आदिवासी एवं ग्रामीण अंचल में उच्च कृषि शिक्षा संस्थान खुलने से किसानों और विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज सहित जनप्रतिनिधि, किसान और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अधिकारियों ने निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा करने का आश्वासन दिया। यह महाविद्यालय प्रतापपुर को शिक्षा, अनुसंधान और कृषि विकास के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


