MP News: Madhya Pradesh के Bhind शहर में महिला बाल विकास विभाग में पदस्थ बाबू आल मोहम्मद कुरैशी की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। उनका शव रानी के ताल इलाके में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों ने मृतक के साथ मौजूद दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शारदा टॉकीज के पास रहने वाले आल मोहम्मद कुरैशी देर रात अपने परिचित छोटू भारद्वाज के साथ रानी के ताल स्थित एक मकान पर गए थे। बताया जा रहा है कि वहां पार्टी चल रही थी। देर रात शराब कम पड़ने पर वे लोग कथित रूप से अवैध शराब बेचने वाले युवक के घर पहुंचे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाद के दौरान आल मोहम्मद के साथ लाठी-डंडों से हमला किया गया। आरोप है कि घटना के बाद उनके साथी मौके से चले गए।
इसी बीच, देर रात मृतक के बेटे अयान ने पिता को फोन किया। फोन छोटू भारद्वाज ने उठाया और सुबह आने की बात कहकर कॉल समाप्त कर दी। अगले दिन सुबह रानी के ताल के पास शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जिससे मारपीट की आशंका जताई जा रही है। कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।


