रायपुर, 19 मार्च 2026। मुख्यमंत्री का गुरुवार को जशपुर जिले का दौरा प्रस्तावित है, जहां वे पारंपरिक सरहुल पूजा में शामिल होकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। इस दौरान वे विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री निवास, सिविल लाइन रायपुर से रवाना होकर पुलिस ग्राउंड हेलीपेड पहुंचेंगे। वहां से वे हेलीकॉप्टर के जरिए जशपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
करीब 1:30 बजे जशपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री दीपू बगीचा जाएंगे, जहां वे दोपहर 1:45 बजे से 2:30 बजे तक सरहुल पूजा में शामिल होंगे। इस दौरान वे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री सरनाटोली और कल्याण आश्रम जशपुर में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। यहां वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से मुलाकात भी कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री अपराह्न 3:15 बजे जशपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे और शाम 4:35 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को आदिवासी परंपराओं और संस्कृति के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। सरहुल जैसे महत्वपूर्ण पर्व में उनकी भागीदारी स्थानीय समुदाय के लिए खास महत्व रखती है।


