भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने मनेंद्रगढ़ नगरपालिका परिषद में बड़ी कार्रवाई की है। ACB ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) इसहाक खान को उनके निवास से तथा लेखापाल सुशील को कार्यालय से गिरफ्तार किया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों को एक ठेकेदार से बिल पास कराने के बदले 33 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। यह कार्रवाई अंबिकापुर स्थित ACB टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से की गई।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए निजी लाभ के लिए ठेकेदार से पैसे की मांग की थी। पीड़ित ठेकेदार की शिकायत पर ACB ने ट्रैप की कार्रवाई को अंजाम दिया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के लिए ACB टीम अपने साथ ले गई है।


