नई दिल्ली: नरेंद्र मोदी ने शहीद दिवस पर भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इन वीरों का बलिदान देश की सामूहिक स्मृति में हमेशा जीवित रहेगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि कम उम्र में ही इन क्रांतिकारियों ने अद्भुत साहस और स्वतंत्रता के प्रति अटूट समर्पण दिखाया। उन्होंने औपनिवेशिक शासन के सामने झुके बिना राष्ट्रहित में सर्वोच्च बलिदान दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि न्याय, देशभक्ति और निर्भीकता के उनके आदर्श आज भी देशवासियों को प्रेरित करते हैं। उन्होंने वीडियो संदेश में युवाओं से इन वीरों के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। उल्लेखनीय है कि 23 मार्च को इन तीनों क्रांतिकारियों के बलिदान की स्मृति में हर वर्ष शहीद दिवस मनाया जाता है।


