कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य में चुनावी अभियान तेज कर दिया है। पार्टी ने ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ के जरिए बंगाल में व्यापक जनसंपर्क की रणनीति बनाई है। रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कूचबिहार से यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत पांच वरिष्ठ नेता राज्य के विभिन्न जिलों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पार्टी के अनुसार, दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना, मालदा, बर्धमान और हावड़ा-हुगली में एक साथ दोपहर 2 बजे रैलियां आयोजित की जाएंगी।
अमित शाह दक्षिण 24 परगना के रायदिघी क्षेत्र के भगवतीपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। नितिन नबीन मालदा जिले के इस्लामपुर कोर्ट मैदान में सभा करेंगे। शिवराज सिंह चौहान उत्तर 24 परगना के संदेशखाली में रैली करेंगे, जहां उनके साथ नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। वहीं राजनाथ सिंह हावड़ा-हुगली के आमता क्षेत्र में जनसभा करेंगे। बर्धमान में देवेंद्र फडणवीस रैली को संबोधित करेंगे।
भाजपा का कहना है कि यह अभियान राज्य में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए जनसमर्थन जुटाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पार्टी नेतृत्व ने संकेत दिए हैं कि आने वाले महीनों में अभियान को और विस्तार दिया जाएगा।


