रायपुर। मार्च 2026 की शुरुआत के साथ ही सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। त्योहारों और साप्ताहिक अवकाशों के कारण इस महीने छुट्टियों की संख्या बढ़ गई है, जिससे कर्मचारियों को परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा।
छत्तीसगढ़ सरकार के आधिकारिक कैलेंडर के अनुसार 4 मार्च को होली, 21 मार्च को ईद-उल-फितर और 31 मार्च को महावीर जयंती पर शासकीय अवकाश रहेगा। वहीं 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। होली के आसपास कई कार्यालयों में कामकाज आंशिक रूप से प्रभावित रहने की संभावना है।
मार्च 2026 में कुल मिलाकर 14 दिन सरकारी दफ्तर बंद रहेंगे। इसमें शनिवार और रविवार की नियमित छुट्टियों के साथ त्योहारों के अवकाश शामिल हैं। अवकाश अधिक होने के कारण इस महीने केवल 17 कार्यदिवस ही शेष रहेंगे। हालांकि एक अवकाश शनिवार को पड़ने से उसकी अलग से गणना नहीं की जाएगी।
राज्य सरकार के वर्ष 2026 के कैलेंडर में कुल 107 दिनों का अवकाश निर्धारित है। इनमें 18 सार्वजनिक अवकाश, 28 सामान्य अवकाश और 61 वैकल्पिक अवकाश शामिल हैं। छुट्टियों की सूची राजपत्र में प्रकाशित की जा चुकी है।
बैंकों में भी मार्च के दौरान अवकाश का असर रहेगा। दूसरे और चौथे शनिवार (14 और 28 मार्च) तथा सभी रविवार को बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा होली, ईद-उल-फितर, रामनवमी और महावीर जयंती के अवसर पर विभिन्न राज्यों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। नागरिकों को आवश्यक कार्य समय रहते निपटाने की सलाह दी गई है।


