Raipur। छत्तीसगढ़ में प्रयोगशाला परिचारक भर्ती-2023 की प्रक्रिया पूरी करते हुए उच्च शिक्षा विभाग ने 430 पदों पर अंतिम चयन सूची जारी कर दी है। इस भर्ती का लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी राहत की खबर है।
भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 4 अगस्त 2023 को हुई थी, जबकि 5 अक्टूबर 2023 को विज्ञापन जारी किया गया। इस दौरान कुल 1,28,685 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। 3 अगस्त 2025 को आयोजित परीक्षा में 1,12,792 परीक्षार्थी शामिल हुए। इसके बाद 18 सितंबर 2025 को परिणाम घोषित किया गया।
दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 8 दिसंबर 2025 से 23 फरवरी 2026 तक चली, जिसके आधार पर 2106 अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया के लिए चयनित किया गया। 13 से 23 मार्च 2026 के बीच दावा-आपत्तियां आमंत्रित की गईं, जिनमें 53 आपत्तियां प्राप्त हुईं। इनका निराकरण कर 25 मार्च 2026 को अंतिम चयन सूची जारी की गई।
चयनित 430 अभ्यर्थियों में दिव्यांगजनों के लिए 30 पद आरक्षित हैं, जिनमें 15 पद OL और 15 पद HH श्रेणी के लिए निर्धारित हैं। चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 30 मार्च और 2 अप्रैल 2026 को होगी, जिसके बाद उन्हें प्रदेश के 285 महाविद्यालयों में पदस्थ किया जाएगा।
विभाग ने जल्द ही नियुक्ति आदेश जारी करने की बात कही है, जिससे अभ्यर्थियों का इंतजार समाप्त होने जा रहा है।


