कवर्धा। कवर्धा जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र में सक्रिय लुटेरा गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। कार्रवाई में एक नाबालिग समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से नगदी, लूट में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरोह खुद को ‘छल्ला गैंग’ के नाम से पहचानता था और सभी आरोपी स्थानीय निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह पिछले कई महीनों से सुनसान मार्गों पर राहगीरों और व्यापारियों को निशाना बना रहा था। वारदात के दौरान विरोध करने पर पीड़ितों को जान से मारने की धमकी दी जाती थी और कुछ मामलों में मारपीट की घटनाएं भी सामने आईं। लगातार शिकायतों के बाद पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई और पुख्ता सूचना के आधार पर दबिश देकर सभी को गिरफ्तार कर लिया।
जिले के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह छ्वाई ने बताया कि कुकदुर बैगा बाहुल्य क्षेत्र है, जहां गिरोह ने दहशत का माहौल बना रखा था। बाहरी व्यापारियों और राहगीरों को निशाना बनाया जाता था। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य मामलों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर सख्त नजर रखने की बात कही गई है।


