रायपुर। जिले के खरोरा के पास ग्राम मोहरेंगा में ‘नेचर सफारी मोहरेंगा’ में नई ईको-पर्यटन सुविधाओं की शुरुआत की गई है। इस मौके पर विधायक किरण सिंह देव, अनुज शर्मा और प्रधान मुख्य वन संरक्षक अरुण कुमार पाण्डेय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि राज्य में ईको-पर्यटन को बढ़ावा देते हुए प्रकृति और मानव के बीच संतुलन बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। करीब 500 हेक्टेयर में फैली यह सफारी रायपुर से लगभग 45 किमी दूर स्थित है, जहां 10 किमी लंबी जिप्सी सफारी के जरिए पर्यटक चीतल, जंगली सूअर, अजगर और विभिन्न पक्षियों को देख सकेंगे।
पर्यटकों के लिए वॉच टॉवर, किड्स प्ले एरिया, गार्डन और रात्रि विश्राम हेतु चार कॉटेज भी बनाए गए हैं। महिला सशक्तिकरण के तहत यहां का रेस्टोरेंट स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित किया जा रहा है।
मोहरेंगा नेचर सफारी न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि स्थानीय रोजगार और पर्यावरण संरक्षण का भी मजबूत उदाहरण बनकर उभरेगी।


