बिलासपुर. नवरात्रि पर्व के अवसर पर मां महामाया के दर्शन के लिए रतनपुर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सप्तमी और अष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 25 मार्च 2026 को शाम 4 बजे से रतनपुर में चारों दिशाओं से भारी और मध्यम वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में यह व्यवस्था लागू की गई है, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम और सुरक्षित बना रहे। शहर के विभिन्न मार्गों जैसे चिल्हाटी मोड़, अशोक नगर चौक, गुरुनानक चौक, मंगला चौक, महाराणा चौक, सेंदरी अरपा पुल, ग्राम कर्रा, सिल्ली मोड़ और लखनी मोड़ पर नो-एंट्री लगाकर भारी वाहनों को रोका जाएगा।
पूरे मार्ग में पुलिस और यातायात बल की तैनाती की गई है। साथ ही, असामाजिक तत्वों और हुड़दंगियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन का उपयोग किया जा रहा है। संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए जगह-जगह ब्रीथ एनालाइजर के साथ पुलिस जवान मौजूद रहेंगे, ताकि नशे में वाहन चलाने, तेज गति और लापरवाही से ड्राइविंग करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शालीनता बनाए रखें। किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479193099 पर देने को कहा गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पेट्रोलिंग टीम, फिक्स पॉइंट, एंबुलेंस और क्यूआरटी भी तैनात की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।


