धमतरी में हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद
Dhamtari। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से देशी पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक मरादेव मंदिर, गौरव पथ के पास अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी सौरभ सोनी को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से देशी निर्मित पिस्टल और कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान आरोपी हथियारों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।


