Bilaspur News: Chhattisgarh के बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र के तीन युवक दुबई में फंसे हुए हैं। ईरान से जुड़े युद्ध जैसे हालातों के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का शेड्यूल प्रभावित हुआ है, जिससे उनकी वापसी यात्रा बार-बार टल रही है।
कोटा निवासी शिवम मिश्रा अपने दोस्तों आकाश और आयुष के साथ घूमने के लिए Dubai गए थे। उनकी वापसी की पहली फ्लाइट 28 फरवरी की थी, जिसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद 3 मार्च की नई टिकट बुक हुई, लेकिन वह उड़ान भी कैंसल हो गई। अब तीनों को 5 मार्च की फ्लाइट का टिकट मिला है और वे उसी से घर लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
फोन पर बातचीत में शिवम ने बताया कि दुबई में हालात पूरी तरह सामान्य हैं। शहर में किसी तरह का युद्ध जैसा माहौल नहीं है। पर्यटन स्थल खुले हैं और लोग सामान्य दिनचर्या में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को लेकर कोई चिंता नहीं है, लेकिन बार-बार फ्लाइट रद्द होने से मानसिक तनाव जरूर बढ़ गया है।
युवकों ने बताया कि उनके परिवार वाले लगातार संपर्क में हैं और हर अपडेट का इंतजार कर रहे हैं। घर से रोज कॉल आ रहे हैं और सभी उनकी सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं। फिलहाल वे एयरलाइन की अगली उड़ान पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द घर लौटने की उम्मीद कर रहे हैं।


