राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित कई नेताओं ने दी ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं; देशभर में उल्लास के साथ मनाया जा रहा त्योहार
नई दिल्ली: देशभर में आज ईद-उल-फितर का पर्व बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़े। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का संदेश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एक्स पर पोस्ट कर कहा:
“ईद-उल-फितर के मुबारक मौके पर सभी देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम बहनों और भाइयों को हार्दिक बधाई। यह त्योहार आत्मसंयम, सेवा, परोपकार और वंचित वर्गों के प्रति दया का भाव रखने की सीख देता है। आइए, इस अवसर पर हम समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने का संकल्प लें।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बढ़ाई भाईचारे की भावना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा:
“ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर करे यह दिन भाईचारे और सद्भाव को बढ़ावा दे। सभी सुखी और स्वस्थ रहें।”
उपराष्ट्रपति व केंद्रीय मंत्रियों ने भी दी बधाई
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने संदेश दिया कि यह शुभ अवसर आशा, सद्भाव और करुणा को प्रेरित करे और लोगों के लिए खुशियां व सफलता लेकर आए।
संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने लिखा कि ईद का यह विशेष दिन सभी के लिए खुशियां, समृद्धि और नए अवसर लेकर आए।
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा:
“आपकी दुआएं और रोज़े कुबूल हों। अल्लाह सभी को शांति, समृद्धि और खुशी प्रदान करे। आइए, करुणा और एकता के साथ देश के लिए काम करते रहें।”
राज्यों से भी आए शुभकामना संदेश
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईद के मौके पर प्रदेश और देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खुदा सभी पर अपनी रहमत की बारिश करे और राज्य में सुख, शांति और समृद्धि आए।
जामा मस्जिद में उमड़ा जनसैलाब
दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद में भी बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने मिलकर एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी, जिससे माहौल में उत्साह और उमंग नजर आई।


