सरगुजा। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर बुधवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा किसान मोर्चा बतौली मंडल अध्यक्ष कमला प्रसाद उर्फ संजय यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी राजू सिंह ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद बतौली और ग्राम पोकसरी क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे शांतिपारा पुलिया के पास दो बाइकों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पोकसरी निवासी 32 वर्षीय संजय यादव की घटनास्थल पर ही जान चली गई। उनके साथ बाइक पर सवार 32 वर्षीय राजू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार बतौली कालीपुर निवासी 35 वर्षीय प्रमोद कुजूर भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। आरोप है कि उपचार में देरी के कारण राजू सिंह की देर रात मौत हो गई।
संजय यादव न केवल भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष थे, बल्कि ग्राम पोकसरी के उपसरपंच भी थे। उनके निधन की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


