कोरबा, 26 नवंबर 2025। डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, एस.ई.सी.एल. कोरबा में आज प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के दौरान संविधान दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा नवमीं की छात्रा दीक्षा दास द्वारा भारतीय संविधान की रूपरेखा पर प्रस्तुत प्रभावशाली भाषण से हुई। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने करतल ध्वनि से सराहा।
संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय संविधान पर आधारित क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसे कक्षा छठवीं के छात्र कुशाग्रवर्धन साहू ने संचालित किया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
तत्पश्चात विद्यालय की प्राचार्या डॉ. चेतना शर्मा ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं को संविधान का पालन करने की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा तथा राष्ट्र एवं समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने हेतु प्रेरित किया।
संविधान दिवस के अवसर पर एस.ई.सी.एल. कोरबा द्वारा कक्षा सातवीं से नवमीं तथा ग्यारहवीं के विद्यार्थियों हेतु विशेष गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं गैर-शैक्षणिक सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


