रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास में सबसे बड़ी रुकावट बने नक्सलवाद को केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार ने नियंत्रण में लाकर प्रदेश की प्रगति के नए रास्ते खोले हैं। वे अपने निवास कार्यालय में नेशनल डिफेंस कॉलेज के सैन्य एवं सिविल सेवा अधिकारियों के अध्ययन दल से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सघन वनों, खनिज संपदा, समृद्ध लोक संस्कृति और नैसर्गिक सौंदर्य से भरपूर है। राज्य का 46% क्षेत्र वनाच्छादित है और ऊर्जा उत्पादन में छत्तीसगढ़ सरप्लस स्टेट बन चुका है, जहां लगभग 30 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दो वर्षों में ऊर्जा क्षेत्र में 3 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए हैं। उन्होंने धान खरीदी नीति, महतारी वंदन योजना और भूमिहीन मजदूर सहायता योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे किसानों व महिलाओं की आर्थिक स्थिति बेहतर हुई है।
विदेशी अधिकारियों ने बस्तर की जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और प्रदेश में नक्सलवाद पर नियंत्रण के लिए किए गए प्रयासों की प्रशंसा की। अध्ययन दल ने रायपुर, कांकेर, बस्तर और भिलाई में प्रशासनिक, सुरक्षा और विकास कार्यों का अवलोकन कर छत्तीसगढ़ प्रवास को “यादगार” बताया।


