रायपुर। धान खरीदी में गड़बड़ी करने वाले प्रभारी पर बलौदाबाजार जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया है। मामला प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित निपनिया के धान उपार्जन केंद्र का है, जहां धान के बोरों में रेत और कंकड़ मिलाने का वीडियो वायरल होने के बाद जांच कराई गई थी।
संयुक्त जांच दल ने 8 मार्च को केंद्र का भौतिक सत्यापन किया, जिसमें 137.20 क्विंटल धान अधिक पाया गया। जांच में सामने आया कि धान खरीदी प्रभारी लीलाराम सेन ने हमालों के माध्यम से लगभग 5300 कट्टों में 2 से 3 किलो रेत मिलाई थी और इसके बराबर करीब 132 क्विंटल धान का व्यक्तिगत लाभ के उद्देश्य से गबन किया गया।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर उपायुक्त सहकारिता ने लीलाराम सेन की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की अनुशंसा की। इसके बाद प्राधिकृत अधिकारी ने छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम 1960 और कर्मचारी सेवा नियम 2018 के तहत उन्हें सेवा से पृथक करने का आदेश जारी कर दिया।


