महासमुंद जिले में पुलिस की नियमित वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कोमाखान पुलिस ने टेमरी नाका पर जांच के दौरान एक कार से 75 लाख रुपये नकद बरामद किए। रकम के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने नगदी, कार और मोबाइल सहित कुल 85 लाख 10 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर ली।
जानकारी के अनुसार 16 मार्च 2026 को चल रहे चेकिंग अभियान के दौरान ओडिशा के खरियार रोड की ओर से आ रही एक सफेद होंडा कार (OD 05 PB 2122) को रोका गया। वाहन चालक ने अपना नाम राजेंद्र महानंद (27) निवासी बलांगीर बताया, जबकि साथ में बैठे महाप्रज्ञ जैन (47) कांटाबांजी निवासी हैं।
तलाशी के दौरान कार में रखे बैग से 500-500 रुपये के 150 बंडल, कुल 75 लाख रुपये बरामद हुए। पूछताछ में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 94 के तहत कार्रवाई करते हुए सम्पत्ति जब्त कर ली। मामले की जांच जारी है।


