रायपुर में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आगाज कल से, 30 राज्यों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
रायपुर में कल से शुरू हो रहे पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के लिए छत्तीसगढ़ पूरी तरह तैयार है। यह आयोजन राज्य के खेल ढांचे और खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा अवसर माना जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री साव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह प्रतियोगिता भारतीय खेल इतिहास में मील का पत्थर साबित होगी।
इस प्रतियोगिता में 30 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 3,800 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। कुल 9 खेलों में पदक दिए जाएंगे, जिनमें एथलेटिक्स, तैराकी, कुश्ती, वेटलिफ्टिंग और तीरंदाजी प्रमुख हैं। एथलेटिक्स में सबसे अधिक 34 स्वर्ण पदक दांव पर रहेंगे।
हॉकी और फुटबॉल रायपुर में, एथलेटिक्स जगदलपुर में और कुश्ती सरगुजा में आयोजित की जाएगी। इसके अलावा मल्लखंब और कबड्डी को प्रदर्शन खेल के रूप में शामिल किया गया है। यह आयोजन आदिवासी खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच देगा।


