ट्रेन टिकट बुकिंग को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए IRCTC ने बड़ा कदम उठाया है। प्लेटफॉर्म से करीब 3 करोड़ फर्जी अकाउंट्स को डिलीट कर दिया गया है, जिनके जरिए दलाल अनधिकृत तरीके से टिकट बुक कर रहे थे। इस कार्रवाई से अब आम यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई अहम बदलाव किए हैं। तत्काल टिकट बुकिंग के लिए अब OTP आधारित वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे केवल सत्यापित यूजर्स ही टिकट बुक कर सकेंगे। साथ ही, थर्ड पार्टी प्लेटफॉर्म्स के लिए तत्काल बुकिंग विंडो 30 मिनट बाद खुलेगी।
रेलवे ने टिकट कैंसिलेशन नियमों में भी संशोधन किया है। ट्रेन के प्रस्थान से 72 घंटे पहले टिकट रद्द करने पर अधिक रिफंड मिलेगा, जबकि समय नजदीक आने पर पेनाल्टी बढ़ेगी। चार्ट बनने के बाद कैंसिलेशन पर रिफंड नहीं दिया जाएगा।
इसके अलावा, ई-टिकट कैंसिलेशन प्रक्रिया को ऑटोमैटिक कर दिया गया है और पेपर टिकट अब किसी भी रिजर्वेशन सेंटर या ऑनलाइन माध्यम से रद्द कराए जा सकते हैं।


