दुर्ग। जिले के उतई क्षेत्र में निर्माणाधीन भारतमाला सड़क परियोजना से लोहे की सामग्री चोरी होने का मामला सामने आया है। ग्राम उमरपोटी स्थित साइट से यू-जैक, जैक पाइप और सटरिंग प्लेट गायब मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। घटना 26 फरवरी की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है।
परियोजना से जुड़े एचआर नागेंद्र शर्मा (35) ने थाना उतई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उमरपोटी रोड पर ईंट भट्ठा के पास पुल के नीचे निर्माण सामग्री खुली जगह पर रखी गई थी। जांच के दौरान उक्त सामान मौके से गायब मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ में हितेश (रिसाली) और सीनू (सेक्टर-5, भिलाई नगर) को सामान ले जाते हुए देखे जाने की जानकारी मिली, जिसके आधार पर नामजद शिकायत दर्ज कराई गई।
प्राथमिक आकलन के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपियों की तलाश जारी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद प्रोजेक्ट प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का निर्णय लिया है। साइट पर अतिरिक्त गार्ड तैनात किए जाएंगे और महंगी सामग्री को सुरक्षित स्थान पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना के तहत क्षेत्र में सड़क और पुल निर्माण कार्य जारी है। ऐसे में चोरी की घटनाएं विकास कार्यों की गति को प्रभावित कर सकती हैं।


