धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के दहदहा गांव स्थित एक शासकीय मिडिल स्कूल में 35 से अधिक छात्रों द्वारा ब्लेड से अपने हाथों पर कट के निशान बनाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। घटना करीब 20 से 25 दिन पुरानी बताई जा रही है, लेकिन इसका खुलासा तब हुआ जब अभिभावकों ने बच्चों के हाथों पर घाव देखे और स्कूल प्रबंधन को इसकी सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, छात्रों ने एक-दूसरे को देखकर ऐसा कदम उठाया। इसे आपसी प्रभाव या देखा-देखी की घटना माना जा रहा है। राहत की बात यह है कि किसी भी छात्र की हालत गंभीर नहीं है और सभी बच्चे सुरक्षित हैं। घाव सामान्य हैं और प्राथमिक उपचार के बाद छात्र नियमित रूप से स्कूल आ रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की टीम स्कूल पहुंची। बच्चों की मेडिकल जांच कराई गई और उनकी काउंसलिंग भी की गई। अधिकारियों ने बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों से चर्चा कर घटना के कारणों की जानकारी जुटाई।
प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि कहीं इसके पीछे कोई ऑनलाइन ट्रेंड या अन्य कारण तो नहीं है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


