रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली शिक्षक भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियों का कैलेंडर जारी कर दिया है। 15 अक्टूबर 2025 को जारी विज्ञप्ति के अनुसार स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत सहायक शिक्षक, शिक्षक और व्याख्याता पदों पर भर्ती के लिए अलग-अलग परीक्षा तिथियां तय की गई हैं। इस भर्ती अभियान के तहत लगभग 5000 पदों को भरे जाने की संभावना है, जिससे लंबे समय से खाली पड़े पदों पर नियुक्ति का रास्ता साफ होगा।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक सहायक शिक्षक पद की परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। शिक्षक पद के लिए परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है, जबकि व्याख्याता पद की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को होगी। व्यापम द्वारा जारी संभावित तिथियों के बाद अभ्यर्थियों में तैयारी को लेकर उत्साह बढ़ गया है। कई सामाजिक संगठनों और अभ्यर्थी समूहों ने लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की थी।
प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों से विभिन्न कारणों से भर्ती प्रक्रियाएं प्रभावित हुई थीं, जिसके चलते स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है। माना जा रहा है कि इस भर्ती से न केवल बेरोजगार युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा, बल्कि शासकीय स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था भी मजबूत होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक अधिसूचना पर नजर बनाए रखें और परीक्षा पैटर्न व सिलेबस के अनुसार अपनी तैयारी शुरू करें।


