बिलासपुर छत्तीसगढ़ रेल विकास निगम द्वारा ईस्ट-वेस्ट रेल कॉरिडोर परियोजना के तहत गेवरा रोड से पेंड्रा रोड के बीच लगभग 135 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत पेंड्रा रोड स्टेशन पर नई लाइन की कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग का महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
करीब 6 घंटे के ब्लॉक के दौरान तकनीकी और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए यह कार्य निर्धारित समयावधि में संपन्न किया गया। परियोजना के तहत गेवरा रोड और पेंड्रा रोड दोनों ओर के कुछ हिस्सों में रेल लाइन बिछाने का काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष सेक्शन में निर्माण तेजी से प्रगति पर है।
यह नई रेल लाइन क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ यात्री एवं माल परिवहन को नई गति प्रदान करेगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और छत्तीसगढ़ रेल विकास निगम द्वारा इस परियोजना को समयबद्ध और सुरक्षित तरीके से पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


