गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिला अंतर्गत फिंगेश्वर के पास ग्राम बोरिद स्थित तिरुपति राइस मिल में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मिल परिसर में रखे कई क्विंटल धान और भारी मात्रा में बारदाना आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गया। आग तेजी से फैलने के कारण नुकसान का आंकलन अभी तक नहीं हो सका है, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू पाने का प्रयास जारी है।
प्रशासन ने एहतियातन आसपास के लोगों को आग प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।


