कोरबा।
शहर के सिविल लाईन रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रूद्र नगर खरमोरा में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नगदी समेत करीब 80 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित हर प्रसाद पटेल (43 वर्ष) पिता स्व. धनीराम पटेल, वर्तमान में आर.के.एम. पावर प्लांट खरसिया (रायगढ़) में कार्यरत हैं और पिछले छह माह से परिवार सहित खरसिया में रह रहे थे। उनका कोरबा स्थित मकान लंबे समय से बंद था।
दिनांक 14 दिसंबर 2025 को पड़ोसियों ने फोन कर सूचना दी कि घर का मेन गेट और दरवाजे का ताला टूटा हुआ है तथा सामान बिखरा पड़ा है। सूचना मिलते ही हर प्रसाद पटेल अपनी पत्नी के साथ खरसिया से कोरबा पहुंचे। जांच करने पर पाया गया कि CCTV, वाई-फाई और DVR के कनेक्शन भी निकाले गए थे।
कनेक्शन दोबारा जोड़कर फुटेज देखने पर सामने आया कि 10-11 दिसंबर 2025 की रात करीब 12:08 बजे दो नकाबपोश चोर मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
चोरों ने घर से डेढ़ तोला सोने का हार, मंगलसूत्र, झुमके, अंगूठी, आधा किलो चांदी, चांदी के गणेश सिक्के, इंडक्शन चूल्हा, ट्रिमर, ₹5000 नकद, गुल्लक की रकम और घरेलू सामान चोरी कर लिया।
पीड़ित ने सिविल लाईन रामपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


