कोरबा। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत कोरबा शहर के विकास को एक नई दिशा मिलने जा रही है। नगर निगम कोरबा क्षेत्र में लगभग 37 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गौरव पथ को प्रदेश सरकार ने प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
यह गौरव पथ सीएसईबी चौक से जैन चौक तथा आईटीआई चौक से कोसाबाड़ी चौक तक बनाया जाएगा। इसके तैयार हो जाने से शहर में यातायात सुगम होगा और नागरिकों को आधुनिक सड़क सुविधा मिलेगी।
नगर निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. अरुण साव, तथा प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक श्री लखनलाल देवांगन का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति कोरबा शहर के समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
महापौर ने बताया कि गौरव पथ का निर्माण पूरा होने के बाद यह मार्ग कोरबा की लाइफलाइन साबित होगा। शहर के मुख्य व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों को जोड़ते हुए यह सड़क न केवल यातायात की समस्या का समाधान करेगी, बल्कि शहर की सौंदर्य वृद्धि में भी अहम भूमिका निभाएगी।
श्रीमती राजपूत ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की “ट्रिपल इंजन सरकार” — केंद्र, राज्य और स्थानीय निकाय — मिलकर कोरबा के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले दिनों में बुनियादी ढांचे, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण से जुड़ी कई नई योजनाएं भी लागू की जाएंगी।
महापौर ने कोरबा वासियों से अपील की कि वे इस विकास यात्रा में नगर निगम का सहयोग करें ताकि कोरबा को एक स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि गौरव पथ का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा, जो आने वाले समय में कोरबा के विकास की नई पहचान बनेगा।


