रायपुर। विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार राज्य की प्रगति और मजबूत होते आधारभूत ढांचे का प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर स्थित श्री बालाजी हॉस्पिटल परिसर में 200 बिस्तरीय अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बालाजी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की तथा अस्पताल की नई इकाइयों का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष मना रहा है। स्थापना के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि अब 14 से 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं, जो स्वास्थ्य क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि अपने दो वर्षों के कार्यकाल में 5 से 6 नए अत्याधुनिक अस्पतालों का शुभारंभ किया गया है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ उपचार मिल रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि नए कैंसर अस्पताल में मरीजों को आयुष्मान योजना का लाभ मिलेगा, जिससे गंभीर बीमारियों के इलाज का आर्थिक बोझ कम होगा। कार्यक्रम में अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. तेजस नायक, मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. नीता नायक, आर.के. नायक, सत्यवती नायक सहित प्रबंधन से जुड़े अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


