रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन ठगी का एक और मामला सामने आया है। Telegram चैनल के जरिए ‘कलर ट्रेडिंग’ में अधिक मुनाफे का लालच देकर एक युवक से करीब दो लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अमलीडीह पुलिस कॉलोनी निवासी अजय रत्नाकर को 25 दिसंबर 2025 की सुबह टेलीग्राम चैनल से एक संदेश मिला, जिसमें कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का दावा किया गया था। भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने कथित मुनाफे के स्क्रीनशॉट भी भेजे। इसके बाद उसने पीड़ित से एक वर्चुअल अकाउंट बनवाकर क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे जमा करने को कहा।
शुरुआत में पीड़ित ने 25 दिसंबर की रात 3 हजार रुपये ट्रांसफर किए। बाद में मुनाफे का लालच देकर आरोपी ने लगातार पैसे जमा कराने के लिए दबाव बनाया। झांसे में आकर पीड़ित ने 26 से 29 दिसंबर के बीच State Bank of India खाते से 1 लाख 64 हजार 999 रुपये और Union Bank of India खाते से 31 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
जब न तो कोई मुनाफा मिला और आरोपी से संपर्क टूट गया, तब पीड़ित को ठगी का पता चला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर ट्रांजैक्शन के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। साथ ही लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या ऑनलाइन ट्रेडिंग के लालच में आकर किसी अनजान लिंक या क्यूआर कोड के जरिए पैसे ट्रांसफर न करें।


