कोरबा। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर रसोई गैस की संभावित कमी संबंधी अफवाहों के बीच Korba जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। कलेक्टर Kunal Dudawat ने गैस वितरक एजेंसियों की बैठक लेकर स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की अफवाह या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में गैस एजेंसियों को अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग और अधिक कीमत पर बिक्री पर सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि उपभोक्ताओं को सिलेंडर की डिलीवरी बुकिंग तिथि के अनुसार ‘फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व’ के आधार पर दी जाए और ओटीपी सत्यापन के बाद ही वितरण किया जाए। साथ ही 25 दिनों से पहले दोबारा सिलेंडर जारी नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने स्कूल, आश्रम, छात्रावास और अस्पतालों को प्राथमिकता से गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से गैस, पेट्रोल और डीजल की कमी से जुड़ी अफवाहों पर विश्वास न करने और केवल अधिकृत स्रोतों से ही जानकारी लेने की अपील की है।


