रायपुर, 24 मार्च: छत्तीसगढ़ के पेंशनरों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य में 3% महंगाई राहत (डीआर) मिलने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा कर्मचारियों को 3% महंगाई भत्ता देने का आदेश 12 जनवरी 2026 को जारी किया गया था, जिसके बाद पेंशनरों के लिए भी प्रस्ताव भेजा गया था।
उन्होंने बताया कि 9 फरवरी 2026 को यह प्रस्ताव मध्यप्रदेश सरकार की सहमति के लिए भेजा गया था, जिस पर 23 मार्च को मध्यप्रदेश कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि छत्तीसगढ़ सरकार भी एक-दो दिनों में पेंशनरों के लिए 3% डीआर का आदेश जारी कर देगी।
महासंघ के पदाधिकारियों ने सरकार से जल्द आदेश जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि महंगाई राहत मिलने से पेंशनरों को दैनिक खर्चों और जीवनयापन में काफी मदद मिलेगी। साथ ही यह उनकी आर्थिक सुरक्षा को भी मजबूत करेगा।
महासंघ ने यह भी स्पष्ट किया कि मध्यप्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम 2000 के तहत पेंशनरों को समान अधिकार प्राप्त हैं, इसलिए उन्हें समय पर भत्ता मिलना जरूरी है। फिलहाल, राज्यभर के पेंशनरों को सरकार के आदेश का इंतजार है और फैसले को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।


