रायपुर । छत्तीसगढ़ के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने वर्ष 2026-27 के ‘संकल्प’ बजट को विकसित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की दिशा में ऐतिहासिक, संतुलित और दूरदर्शी कदम बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी के प्रयासों की सराहना की।
मंत्री देवांगन ने कहा कि 1.72 लाख करोड़ रुपये के इस बजट में राज्य की आर्थिक संरचना को मजबूत करते हुए निवेश, औद्योगिक विस्तार और व्यापक रोजगार सृजन की स्पष्ट कार्ययोजना प्रस्तुत की गई है। प्रदेश की लगभग 60 प्रतिशत कार्यशील आबादी को ध्यान में रखते हुए उद्योग एवं सेवा क्षेत्र के विस्तार पर विशेष बल दिया गया है, जिससे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
उन्होंने बताया कि औद्योगिक विकास नीति 2024-30 रोजगार केंद्रित है। पिछले वर्ष लगभग 1,000 उद्योगों को उत्पादन प्रमाण पत्र जारी किए गए, जिनसे 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ और 15 हजार से अधिक रोजगार सृजित हुए।
प्रदेश में 23 नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास हेतु 250 करोड़ रुपये, लैंड बैंक निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये तथा उद्योगों को अनुदान-प्रतिपूर्ति हेतु 750 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। धमतरी जिले के कचना में राज्य की पहली चार मंजिला प्लग-एंड-प्ले फैक्ट्री विकसित की जा रही है, जो एमएसएमई क्षेत्र को गति देगी।
मंत्री ने कहा कि इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों से बड़े पैमाने पर निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ सुधारों और सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से उद्योगों के लिए पारदर्शी व अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। उद्योग विभाग का बजट 648 करोड़ से बढ़ाकर 1,750 करोड़ रुपये किया जाना सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


