बिलासपुर। थाना सकरी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब सकरी शराब दुकान के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त प्रहलाद साहनी (50 वर्ष) के रूप में की।
घर से बच्चों के लिए कपड़ा खरीदने निकला था मृतक
पुलिस के अनुसार, प्रहलाद साहनी 7 दिसंबर 2025 की दोपहर करीब 11 बजे मोटरसाइकिल से हीरीं माइंस, इन्द्रपुरी से बिलासपुर बच्चों के लिए कपड़ा खरीदने निकला था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन परेशान थे, तभी शराब दुकान के पास संदिग्ध अवस्था में शव मिलने की सूचना मिली।
शरीर पर नहीं मिले गहरे चोट के निशान
प्रारंभिक निरीक्षण में पुलिस ने पाया कि शरीर पर कोई गहरी चोट नहीं है। केवल कान और आंख के पास हल्की चोट दिखाई दी। मामले में किसी प्रकार की आशंका को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने FSL टीम को बुलाया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
मर्ग कायम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
थाना सकरी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।
स्थानीयों में दहशत, परिजन सदमे में
घटना से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं परिजन अचानक हुई मौत से सदमे में हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की जांच कर रही है।


