सक्ती: चार पुलिसकर्मी सस्पेंड, आरोपी फरार होने पर कड़ी कार्रवाई
सक्ती। जिले के प्रफुल्ल ठाकुर ने पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई करते हुए जैजैपुर थाने में पदस्थ चार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। निलंबित कर्मियों को थाने से हटाकर रक्षित केंद्र भेजा गया है।
सस्पेंड किए गए कर्मियों में एक प्रधान आरक्षक और तीन आरक्षक शामिल हैं। पुलिस कप्तान ने यह कदम तब उठाया, जब शुरुआती जांच में पाया गया कि चारों ने संगीन लापरवाही बरती थी। हाल ही में जैजैपुर पुलिस की कस्टडी में एक आरोपी चकमा देकर फरार हो गया था।
इस घटना के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
एसपी दफ्तर ने आदेश जारी कर कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करना आवश्यक है, ताकि पुलिस व्यवस्था में सुधार हो और कानून का शासन सुनिश्चित रहे। जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में किसी भी लापरवाही की अनुमति नहीं दी जाएगी।


