बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम जोधरा में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक चंदन नट (45) घर के पूजा कक्ष में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि चंदन नट मंगलवार शाम घर लौटने के बाद पूजा कक्ष में गया था। कुछ समय बाद उसकी बहू ने उसे खून से लथपथ देखा और परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया। बुधवार सुबह घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे अंधविश्वास से जुड़ा एंगल भी सामने आ रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।


