कोंडागांव। जिले के माकड़ी रेंज अंतर्गत ग्राम मगेड़ा हीरापारा में वन विभाग ने अवैध लकड़ी भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वनमंडलाधिकारी के निर्देश और उपवनमंडलाधिकारी (पूर्व) के मार्गदर्शन में उड़नदस्ता टीम ने आरोपी मानक राम यादव के मकान परिसर से साल, बीजा और सागौन की कुल 45 नग लकड़ी जब्त की।
वन विभाग के अनुसार जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 1.35 लाख रुपये आंकी गई है। इसमें 20 साल चौखट कड़ी, 19 साल चिरान और 6 सागौन फारा शामिल हैं। कुल लकड़ी का घनत्व 0.830 घन मीटर बताया गया है।
मामले में भारतीय वन अधिनियम के तहत अपराध प्रकरण क्रमांक 18465/04 दर्ज कर आगे की विधिवत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उड़नदस्ता प्रभारी मोतीलाल बेलसरिया, सहायक प्रभारी राकेश शुक्ला, वनपाल तारावती कोर्राम, अलका नाग, वनरक्षक वासुदेव डहरिया, सरस्वती मरकाम और वाहन चालक मंजीत चव्हाण की अहम भूमिका रही।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटाई और लकड़ी भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।


