बिलासपुर। रतनपुर क्षेत्र के सांधीपारा के पास हुए सड़क हादसे में सातवीं कक्षा के छात्र जयवंत पटेल (12) की मौत हो गई। वह बुधवार सुबह साइकिल से स्कूल जा रहा था, तभी कोरबा की ओर जा रही तेज रफ्तार बस ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर बाड़ी में जा घुसी, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। रतनपुर पुलिस पहुंचकर छात्र को अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना के बाद बस का चालक और क्लीनर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही बस में सवार यात्रियों को अन्य वाहनों से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। मामले की जांच जारी है।


